Ad Code


कोविड काल में परिवार नियोजन है जरूरी, भ्रांतियों से रहें दूर- covid-time



परिवार एवं स्वास्थ्य कल्याण मंत्रालय ने जारी किया गाइडलाइन
कोविड टीकाकृत महिलाएं ले सकती हैं गर्भनिरोधक सुई और दवाएं 

(बक्सर ऑनलाइन न्यूज़):- कोविड काल में परिवार नियोजन को लेकर भी लोगों में भ्रांतियां हैं। कोविड वैक्सीनेशन के साथ साथ परिवार नियोजन के विषय पर लोगों में भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी है। इस दिशा में परिवार एवं स्वास्थ्य कल्याण मंत्रालय के फैमिली प्लानिंग डिवीजन द्वारा हाल ही में एक गाइडलाइन जारी की गयी है। गाइडलाइन फॉर प्रोवीजन ऑफ फैमिली प्लानिंग सर्विसेज ड्यूरिंग एंड पोस्ट कोविड 19 पैनडेमिक में कोविड टीकाकरण और गर्भनिरोध साधनों के इस्तेमाल पर आवश्यक जानकारी दी गयी है।

महिलाएं कोविड टीकाकरण करा ले सकती हैं गर्भनिरोधक सूई:
गाइडलाइन में कहा गया है कि परिवार नियोजन के उद्देश्य से यदि किसी महिला ने गर्भनिरोधक सुई ली है तो भी  कोविड टीकाकरण कराया जाना आवश्यक है। अभी तक ऐसे कोई साक्ष्य प्राप्त नहीं हुए हैं जिससे यह पता चलता हो कि गर्भनिरोधक सुई प्राप्त महिला के कोविड टीकाकरण का दुष्पप्रभाव होता है। हालांकि गाइडलाइन में यह ध्यान रखने के लिए कहा गया है कि महिलाओं द्वारा गर्भनिरोधक सुई और कोविड वैक्सीनेशन अलग अलग बाहों पर ली जानी है। वहीं गाइडलाइन में यह भी कहा गया है कि कोविड वैक्सीनेशन गर्भनिरोध दवाओं के असर को कम नहीं करता है। कोविड वैक्सीनेशन प्राप्त महिलाएं गर्भनिरोध गोलियों का सेवन कर सकती हैं। 


गर्भनिरोध साधनों के इस्तेमाल से पूर्व कोविड जांच जरूरी नहीं: 

वहीं कोविड संक्रमण होने की स्थिति में इससे उबरने के बाद गर्भनिरोधक साधन का इस्तेमाल किया जा सकता है। यदि कोई महिला कोविड संक्रमण का शिकार हुई है और उसने शिशु को जन्म दिया है अथवा गर्भपात हुआ है तो कोविड संक्रमण से उबरने के बाद वह कॉपर टी या दूसरी गर्भनिरोध इंजेक्शन लगवा सकती है। यदि परिवार नियोजन के लिए वह दवा का सेवन करना चाहे तो भी ऐसा किया जाना सुरक्षित है। गर्भनिरोध साधनों के इस्तेमाल से पूर्व कोविड जांच आवश्यक नहीं है।
 
परिवार नियोजन के लिए पुरुष करें कंडोम का इस्तेमाल -
विश्व स्वास्थ्य संगठन का भी मानना है कि कोविड काल में परिवार नियोजन के सभी आधुनिक साधनों का इस्तेमाल सुरक्षित है। महिलाओं व पुरुषों सभी के लिए गर्भनिरोध के साधन मौजूद हैं। पुरुषों को परिवार नियोजन के लिए कंडोम को अपनाया जाना चाहिए। यह यौन संचरित रोगों की भी रोकथाम करता है। छह माह आयुवर्ग के शिशुओं को स्तनपान करा रही महिलाएं चिकित्सक के परामर्श से इसका इस्तेमाल कर सकती हैं। विभिन्न प्रकार के गर्भनिरोध साधनों के इस्तेमाल या परामर्श के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क किया जा सकता है।

................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com

ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक.... 







 


Post a Comment

0 Comments

Close Menu