Ad Code

नौनिहाल बने स्वच्छता के ब्रांड एंबेसडर, चौसा में चला जागरूकता अभियान



बक्सर । चौसा नगर पंचायत द्वारा बुधवार को राजकीय बुनियादी विद्यालय में "सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ" अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर उन्हें समाज में स्वच्छता संदेश का वाहक बनाना था।


स्वच्छता पदाधिकारी हैदर नकवी अरसद के नेतृत्व में बच्चों को स्वच्छता का महत्व समझाया गया। उन्हें बताया गया कि गंदगी से डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है। चित्रों और पोस्टरों के माध्यम से हाथ धोने, शौचालय के नियमित प्रयोग और कूड़ा निर्धारित स्थान पर फेंकने की आदतों को अपनाने के लाभ समझाए गए।

बच्चों ने इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता से जुड़ी जानकारियाँ साझा कीं। विद्यालय के शिक्षकों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना की और कहा कि यदि बचपन से ही बच्चों में स्वच्छता की आदतें विकसित की जाएं, तो वे भविष्य में जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।



कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार ने जानकारी दी कि 1 जुलाई से 30 जुलाई तक चलने वाले स्वच्छता जन-जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इनमें नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शनी और संवाद कार्यक्रम प्रमुख हैं।
नगर पंचायत ने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में अन्य विद्यालयों में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि चौसा को स्वच्छ और रोगमुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu