- धार्मिक आयोजन में फूहड़ भोजपुरी गीत, अश्लील डांस और तेज डीजे का आरोप; विरोध के बाद प्रशासन ने लिया एक्शन
बक्सर । जिले में नवरात्रि के नाम पर आयोजित डांडिया नाइट में कथित तौर पर अश्लीलता और फूहड़ता परोसना आयोजकों पर भारी पड़ गया। 4 अक्टूबर की रात नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी हॉल में आयोजित कार्यक्रम को लेकर उठे विवाद के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। आरोप है कि धार्मिक आयोजन की आड़ में फूहड़ भोजपुरी गीत बजाए गए, अश्लील डांस कराया गया और तेज आवाज में डीजे बजाकर माहौल को असहज किया गया।
कार्यक्रम का वीडियो और आयोजन को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद कई हिंदू संगठनों एवं स्थानीय लोगों ने इसका विरोध जताया। लोगों का आरोप था कि डांडिया जैसे धार्मिक आयोजन के नाम पर अश्लीलता परोसी गई और इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। मामला प्रशासन तक पहुंचने के बाद सदर एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय ने नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच के बाद मंगलवार को नगर थाना में पांच नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार नामजद आरोपियों में आयोजनकर्ता ब्लॉगर संदीप केशरी निवासी जासों रोड बाबा नगर , गोलू पंडित निवासी गोलंम्बर, सुनील कुमार निवासी गोला बाजार, कृष्णा दुबे निवासी धोबीघाट तथा बरसाना हॉल के मालिक राहुल कुशवाहा शामिल हैं।
नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि करते हुए स्पष्ट कहा कि किसी आयोजन की आड़ में समाज में अश्लीलता फैलाना और धार्मिक भावनाओं को आहत करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
टाउन थानाध्यक्ष ने आयोजकों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। किसी भी कार्यक्रम में अश्लीलता, फूहड़ता या आपत्तिजनक गतिविधियां पाए जाने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments