Ad Code

बक्सर में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर में चार युवकों की मौत, तीन घायल, चौसा-मोहनिया हाईवे पर सोनपा गांव के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार



बक्सर । जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपा गांव के समीप गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा चौसा-मोहनिया हाईवे पर सोनपा चौबे के छावनी के पास हुआ। कार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।



मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतउरा गांव के पांच युवक i20 कार से रामगढ़-मोहनिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोनपा गांव से तीन युवक बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क पर निकल रहे थे। तभी कार और बाइक के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई।




इस भीषण हादसे में बाइक सवार अरुण कुमार (22 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि उसका दाहिना पैर भी कट गया। वहीं, बाइक पर सवार शिवम और शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी ओर, कार में सवार इरफान, अरबाज और बादल ने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही राजपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। कार सवार सम्राट कुमार का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, एक अन्य युवक की स्थिति और पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और मातम का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu