Ad Code

बक्सर-पटना फोरलेन पर भीषण हादसा: खड़ी मिक्सर मशीन वाली ट्रक में पीछे से घुसी अर्टिगा, दो की मौत, तीन गंभीर


- बाबा धाम से पूजा-अर्चना कर लखनऊ लौट रहे थे पांच लोग, टक्कर में कार के उड़े परखच्चे; सड़क पर बिखरा मिला प्रसाद और पूजा सामग्री

बक्सर । बक्सर-पटना फोरलेन पर शनिवार की सुबह कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के समीप भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार मारुति सुजुकी की काले रंग की अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़ी मिक्सर मशीन लदी ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार सभी पांच लोग उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो बाबा धाम में पूजा-अर्चना कर घर लौट रहे थे।



हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल और दो अन्य को सदर अस्पताल बक्सर में भर्ती कराया गया है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सड़क पर बिखरा मिला प्रसाद और पूजा सामग्री

दुर्घटनास्थल पर कार के आसपास प्रसाद और पूजा सामग्री बिखरी पड़ी थी। जिस प्रसाद को घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों में बांटना था, वह सड़क पर बिखर गया। घटनास्थल पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा शर्मा ने बताया कि पटना की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा खड़ी ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


नींद आने से हादसे की आशंका

डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन ने दो लोगों की मौत और तीन के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित होने की आशंका है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा।

नौ महीने में सड़क हादसों में 112 लोगों की मौत

बक्सर जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार चिंता बढ़ा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से सितंबर तक जिले में 700 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 112 लोगों की जान चली गई। नुआंव का यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और हाईवे पर खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu