Ad Code

के.के. मंडल महिला महाविद्यालय के पूर्व प्रधान लिपिक भगवान सिंह के निधन पर शोकसभा


सेवानिवृत्ति के बाद भी महाविद्यालय में योगदान को किया गया याद, एक मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि

बक्सर । के.के. मंडल महिला महाविद्यालय के सभागार में मंगलवार को महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधान लिपिक भगवान सिंह के निधन पर शोकसभा का आयोजन किया गया। ग्राम तेंदूनी निवासी भगवान सिंह का लंबी बीमारी के बाद 12 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से महाविद्यालय परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।




शोकसभा की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अनिल कुमार ने की। इस दौरान महाविद्यालय परिवार के सदस्यों और प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने दिवंगत भगवान सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा गया। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए किए गए याद

भगवान सिंह महाविद्यालय की स्थापना के शुरुआती दौर से ही कार्यालय में प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत रहे थे। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने कार्यालय संबंधी कार्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया। वे 20 जनवरी 2016 को प्रधान लिपिक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। शोकसभा में उपस्थित लोगों ने महाविद्यालय के विकास और प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कार्यशैली की सराहना की।




महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने कहा कि भगवान सिंह ने अपने सेवाकाल में जिस समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ संस्थान की सेवा की, उसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उनके निधन से महाविद्यालय ने एक अनुभवी और समर्पित कर्मी को खो दिया है।

शोकसभा में महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. चंदेश्वर नारायण सिंह सहित भुवनेश्वर यादव, इंद्रमणि लाल, प्रोफेसर धीरेंद्र कुमार, रवि शंकर सिंह, बसंती सिंह, मनोरमा कुमारी, विनीता सिंह, मोहम्मद जमील अख्तर, रामप्रवेश सिंह, रंजीत सिंह, सुनील कुमार सिंह, प्रेम नारायण सिंह, प्रमोद कुमार सिंह और रीना मिश्रा समेत महाविद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu