डुमरांव के आदर्श नगर में निर्माण कार्य के दौरान हादसा, इलाज के लिए ले जाने के दौरान सरपंच ने तोड़ा दम
डुमरांव । नया भोजपुर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित गली नंबर दो में मंगलवार की शाम मकान निर्माण के दौरान छत के छज्जे की सेंट्रिंग टूटने से काजीपुर पंचायत के निर्वाचित सरपंच सुरेंद्र प्रजापति की मौत हो गई। हादसे में दो मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर में अभयानंद प्रजापति के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। छज्जे की सेंट्रिंग और कालीकरण का काम किया जाना था। पेशे से ठेकेदार सुरेंद्र प्रजापति रिश्तेदारी के कारण वहां पहुंचे थे। बताया जाता है कि वह मौके पर मौजूद मिस्त्रियों और मजदूरों को निर्माण कार्य के संबंध में सुझाव दे रहे थे। इसी दौरान अचानक छज्जे की सेंट्रिंग टूट गई, जिससे सुरेंद्र प्रजापति समेत तीन लोग नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को डुमरांव के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचते ही सुरेंद्र प्रजापति ने दम तोड़ दिया। वहीं, दोनों घायल मजदूरों का इलाज जारी है।
सरपंच की अचानक मौत की खबर मिलते ही काजीपुर पंचायत समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments