बक्सर । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर पहुंचने से कुछ घंटे पहले जिले में आधी रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। नावानगर थाना क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम का वाहन एनएच-120 पर पचदरवा पुल के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।
हादसे में नावानगर थाना के एसआई संजीव कुमार सिंह, पुलिस वाहन चालक ओमप्रकाश सिंह और गृह रक्षक बिहारी कुमार घायल हो गए। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के तत्काल बाद घायलों को बिक्रमगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
आधी रात NH-120 पर मचा हड़कंप :
घटना मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त पर निकली थी। इसी दौरान पचदरवा पुल के पास सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना की तस्वीरें हादसे की भयावहता को साफ बयां कर रही हैं। क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन को देखकर टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
फरार ट्रक चालक की तलाश :
हादसे के बाद पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है। दुर्घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।
CM दौरे से पहले हादसे ने बढ़ाई चिंता :
गौरतलब है कि आज वामन द्वादशी के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बक्सर पहुंचने वाले हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। ऐसे समय में ड्यूटी पर निकले पुलिसकर्मियों के वाहन के साथ हुए इस भीषण हादसे ने पुलिस महकमे में चिंता बढ़ा दी है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments