बक्सर। औद्योगिक थाना क्षेत्र के जगदीशपुर पंचायत अंतर्गत भटवलिया गांव में गुरुवार देर शाम करीब साढ़े नौ बजे एक किसान की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जीउत सिंह कुशवाहा के पुत्र हरिभजन सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद फोरेंसिक जांच टीम, डायल-112 की टीम सहित अन्य पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
बताया जाता है कि हरिभजन सिंह गांव के बधार में तालाब के समीप अपने मवेशियों और धान की फसल की रखवाली करते थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में मृतक के शरीर पर कई जगह चोट और धारदार हथियार के निशान दिखाई दे रहे हैं। हथेली और जांघ पर भी कट के निशान बताए जा रहे हैं, जबकि गले पर गंभीर चोट के निशान हैं। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हत्या की गुत्थी सुलझाने में लगी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए हैं।
















0 Comments