Ad Code

छात्राओं से छेड़खानी और धमकी देने के गंभीर आरोप में दो शिक्षक निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू


बक्सर । डुमरांव प्रखंड के मध्य विद्यालय, नथुनी अहीर के डेरा में कार्यरत दो शिक्षकों पर छात्राओं के साथ छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा ऑडियो के माध्यम से धमकी देने जैसे गंभीर आरोपों के बाद जिला शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर के निर्देश पर दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के अधीन कर दिया गया है।





प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, डुमरांव ने पत्रांक 771, दिनांक 31 अगस्त 2026 के माध्यम से विद्यालय के सहायक शिक्षक विरेन्द्र प्रसाद एवं विद्यालय अध्यापक अरविन्द कुमार के विरुद्ध ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन और उसमें लगाए गए गंभीर आरोपों की जानकारी जिला शिक्षा विभाग को भेजी थी। प्रतिवेदन में दोनों शिक्षकों के विरुद्ध छात्राओं के साथ कथित छेड़खानी करने, आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और ऑडियो के माध्यम से धमकी देने के आरोप लगाए गए थे।

मामले की समीक्षा के बाद आरोप प्रथम दृष्टया सत्य प्रतीत होने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर के निर्देशानुसार दोनों शिक्षकों को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।






जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, सहायक शिक्षक विरेन्द्र प्रसाद का निलंबन अवधि के दौरान मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, राजपुर निर्धारित किया गया है। वहीं विद्यालय अध्यापक अरविन्द कुमार का निलंबन मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, चक्की तय किया गया है। निलंबन अवधि में दोनों शिक्षकों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा, जो संबंधित निलंबन मुख्यालय से प्राप्त उपस्थिति विवरणी के आधार पर देय होगा।

जिला शिक्षा विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि दोनों शिक्षकों के विरुद्ध आरोप पत्र का गठन कर विभागीय कार्रवाई के लिए संचालन पदाधिकारी एवं उपस्थापन पदाधिकारी की नियुक्ति अलग से की जाएगी।

गौरतलब है कि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), बक्सर की ओर से 2 सितंबर 2026 को इस संबंध में अलग-अलग कार्यालय आदेश जारी किए गए हैं। आदेश संख्या 3346 के तहत विरेन्द्र प्रसाद तथा आदेश संख्या 3347 के तहत अरविन्द कुमार को निलंबित किया गया है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu