Ad Code

कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर व्यवस्था सम्भालने खुद गश्त पर निकले सदर SDM और SDPO, फोरलेन पर जगह-जगह पुलिस बल मुस्तैद, कांवड़ियों के लिए खाली कराया गया एक लेन


बक्सर । सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर शिवभक्तों में खासा उत्साह है। जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िये बक्सर के प्रसिद्ध रामरेखाघाट से गंगाजल लेकर करीब 35 किलोमीटर पैदल यात्रा कर ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम के लिए रवाना हो रहे हैं। कांवड़ियों के रवाना होने का सिलसिला रविवार दोपहर बाद से ही शुरू हो गया।




कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने एनएच-922 पर विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया था। इसके तहत फोरलेन की एक लेन को पूरी तरह कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रखते हुए उस पर वाहनों का परिचालन बंद रखने तथा दूसरी लेन से यातायात संचालित करने की व्यवस्था की गई थी। हालांकि, शाम करीब छह बजे तक कांवड़ियों के लिए निर्धारित लेन में भी ट्रक एवं अन्य वाहनों का परिचालन होता रहा, जिससे कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर खतरा उत्पन्न हो गया।

मामले की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया। व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए सदर एसडीएम अविनाश कुमार और सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ स्वयं सड़क पर उतर गए। दोनों अधिकारियों ने फोरलेन पर गश्त करते हुए यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और कांवड़ियों के लिए निर्धारित लेन में वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद कराया।




अधिकारियों की सक्रियता के बाद यातायात व्यवस्था पटरी पर लौट आई और फोरलेन की एक लेन पूरी तरह कांवड़ियों के लिए खाली करा दी गई। इसके बाद कांवड़िये बिना किसी भय और परेशानी के सुरक्षित तरीके से ब्रह्मपुर धाम की ओर आगे बढ़ते रहे।

प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से कांवड़ियों और आम राहगीरों ने राहत की सांस ली। कांवड़ियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन का आभार जताया। अंतिम सोमवारी को देखते हुए प्रशासन ने फोरलेन पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाते हुए कांवड़ियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी तेज कर दी है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu