बक्सर । पटना की मतगणना में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की लगातार बढ़त के बीच बक्सर में भी पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जनसुराज बक्सर के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने खुशी जाहिर करते हुए इस बढ़त का श्रेय बिहार की जनता को दिया।
उन्होंने बताया कि वह स्वयं पटना में मौजूद हैं, जहां पार्टी कार्यकर्ता अबीर-गुलाल उड़ाकर जश्न मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने बदलाव के पक्ष में अपना विश्वास जताया है और इसी का परिणाम मतगणना में दिखाई दे रहा है।
बजरंगी मिश्रा ने कहा कि हर राउंड के साथ प्रशांत किशोर की बढ़त बढ़ती जा रही है, जिससे कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि बिहार की जागरूक जनता की जीत है।
मतगणना के ताजा रुझानों के अनुसार, 31 में से 21 राउंड की गिनती पूरी होने तक प्रशांत किशोर 11,893 वोटों से आगे चल रहे हैं। इससे पहले 20 राउंड की गिनती पूरी होने पर भी वह 40,169 वोट प्राप्त कर भाजपा प्रत्याशी से 11,621 वोटों की बढ़त बनाए हुए थे। वहीं राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता को 10,035 वोट मिले थे।
हालांकि, अंतिम परिणाम मतगणना पूरी होने के बाद ही घोषित किया जाएगा। फिलहाल लगातार मिल रही बढ़त से जनसुराज समर्थकों में जश्न का माहौल है और पार्टी कार्यालयों से लेकर पटना तक कार्यकर्ता जीत की उम्मीद में उत्सव मना रहे हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments