बक्सर । इटाढ़ी रेलवे फुट ओवरब्रिज (FOB) पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो सामने आने के बाद रेल प्रशासन और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीएम अविनाश कुमार और सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की थी।
जांच के बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन सिंह के नेतृत्व में टीम ने फुट ओवरब्रिज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर ट्रैक्टर चालक की पहचान की गई। इसके बाद आरपीएफ उपनिरीक्षक बिजेंद्र मुवाल एवं अन्य अधिकारियों ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरपीएफ पोस्ट बक्सर में RPF Post Buxar Case No. 28/26, दिनांक 03.07.2026 के तहत रेलवे अधिनियम की धारा 159 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार चालक की पहचान रामजी यादव (39 वर्ष), पिता- मोहन यादव, निवासी- बेरी, थाना- इटाढ़ी, जिला- बक्सर के रूप में हुई है।
सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (ROB) उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद रेलवे गुमटी बंद कर दी गई। गुमटी बंद होने से स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ी हुई है। इसी बीच लोग फुट ओवरब्रिज से दोपहिया वाहनों का आवागमन करने लगे। लेकिन एक ट्रैक्टर चालक द्वारा ट्रॉली सहित फुट ओवरब्रिज पर वाहन चढ़ाने का वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल उठने लगे थे। अब इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के साथ प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments