बक्सर/डुमरांव । बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड अंतर्गत पुराना भोजपुर गांव के रहने वाले पूर्व असम राइफल्स जवान अतुल कुमार सैनी की झारखंड के चतरा में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई इस सनसनीखेज वारदात को उनके ही सहकर्मी निजी अंगरक्षक ने अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अतुल कुमार सैनी कुछ वर्ष पहले असम राइफल्स की नौकरी छोड़ चुके थे। इसके बाद वे गया जिले के बेलागंज विधानसभा क्षेत्र की विधायिका मनोरमा देवी के पुत्र रॉकी यादव उर्फ विनीत यादव के निजी अंगरक्षक के रूप में कार्यरत थे।
बताया जाता है कि मंगलवार को रॉकी यादव किसी कार्य से चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेश नाथवानी से मिलने उनके सरकारी आवास पहुंचे थे। इस दौरान उनके दोनों निजी अंगरक्षक अतुल कुमार सैनी और बलविंदर सिंह आवास के बाहर वाहन में मौजूद थे। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्से में आए बलविंदर सिंह ने अपना सर्विस हथियार निकालकर अतुल कुमार सैनी पर गोली चला दी। गोली लगते ही अतुल की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर एसपी आवास पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बलविंदर सिंह को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों अंगरक्षकों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
गांव में पसरा मातम
अतुल कुमार सैनी की मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव पुराना भोजपुर पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। उनके घर पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अतुल एक शिक्षित एवं सम्मानित परिवार से थे। उनके पिता लक्ष्मण प्रसाद सैनी एलआईसी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी दिवंगत मां उषा देवी वर्ष 2006 से 2011 तक पुराना भोजपुर पंचायत की सरपंच रह चुकी थीं। तीन भाइयों और एक बहन में अतुल दूसरे स्थान पर थे।
तीन वर्ष पूर्व उनकी शादी बलिया जिले के सहतवार निवासी निक्की कुमारी से हुई थी। उनकी डेढ़ वर्षीय पुत्री माही कुमारी है। अतुल अपनी पत्नी और बेटी के साथ गया के एपी कॉलोनी स्थित किराये के मकान में रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही उनके पिता गया के लिए रवाना हो गए।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments