बक्सर । जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकुढ़ा पंचायत के चिलबिला गांव में डेढ़ बीघा जमीन के विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। धान की रोपनी के दौरान हुए विवाद में कुकुढ़ा पंचायत के सरपंच सुभाष सिंह (55) की कथित रूप से लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके दो पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, चिलबिला गांव स्थित डेढ़ बीघा जमीन को लेकर सरपंच सुभाष सिंह और उनके पट्टीदारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार दोपहर सुभाष सिंह ट्रैक्टर लेकर खेत में धान की रोपनी कराने पहुंचे थे। आरोप है कि पहले से मौजूद लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पिता पर हमले की सूचना मिलने के बाद उनके पुत्र अखिलेश सिंह (26) और विंटेस सिंह (23) मौके पर पहुंचे, लेकिन वे भी हमले का शिकार हो गए।
परिजनों का आरोप है कि तेज बहादुर सिंह, विनोद सिंह सहित 15 से 20 लोगों ने मिलकर तीनों पर जानलेवा हमला किया। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्रों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान सरपंच सुभाष सिंह की मौत हो गई। दोनों पुत्रों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने सदर अस्पताल के मुख्य गेट के सामने बक्सर-चौसा मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने इटाढ़ी थानाध्यक्ष और अंचलाधिकारी को तत्काल हटाने, सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
सड़क जाम के कारण बक्सर-चौसा मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था तथा पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments