सेल्फी लेने के दौरान हुआ हादसा, तीन युवकों को ग्रामीणों ने बचाया; डुमरांव निवासी शनि की मौत से परिवार में मचा कोहराम
बक्सर/बलिया । उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के विसरूप गांव में शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब तालाब में नाव पलटने से पांच युवक डूब गए। हादसे में बक्सर जिले के डुमरांव निवासी 19 वर्षीय शनि समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवकों को ग्रामीणों और स्थानीय मल्लाहों की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद शादी वाले घर सहित पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, विसरूप गांव निवासी मुन्नीलाल सिंह का परिवार दिल्ली में रहता है। उनकी पुत्री की शादी 26 नवंबर को तय थी, जबकि 22 नवंबर को तिलक समारोह होना था। शादी की तैयारियों के बीच रिश्तेदारों और मेहमानों का आना-जाना लगा था। इसी समारोह में शामिल होने के लिए लड़की के भाई के आधा दर्जन से अधिक मित्र भी दिल्ली से गांव पहुंचे थे।
बताया जाता है कि शनिवार दोपहर बाद पांच दोस्त गांव के तालाब पर घूमने पहुंचे। इस दौरान सभी नाव पर सवार होकर सेल्फी लेते हुए तालाब के बीच गहरे पानी की ओर चले गए। इसी बीच अचानक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई और पांचों युवक पानी में डूबने लगे। युवकों को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वे बचाव के लिए शोर मचाने लगे।
आवाज सुनकर तालाब के आसपास मौजूद मल्लाह और ग्रामीण तत्काल पानी में कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें युसुफपुर मुहम्मदाबाद निवासी 20 वर्षीय आयुष भी शामिल है। वहीं, गहरे पानी में डूबे दो युवकों को नहीं बचाया जा सका। काफी खोजबीन के बाद उनके शव बाहर निकाले गए।
मृतकों की पहचान बक्सर जिले के डुमरांव निवासी 19 वर्षीय शनि और बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र के सीताकुंड निवासी किशन तिवारी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही नगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शादी समारोह में शामिल होने आए शनि की मौत की खबर से डुमरांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments