Ad Code

डुमरांव के अक्षत ने नीट में हासिल की ऑल इंडिया 12,833वीं रैंक, ऑनलाइन पढ़ाई से रचा सफलता का इतिहास


डुमरांव । छोटे शहर में रहकर बड़े सपनों को साकार करने का उदाहरण पेश करते हुए डुमरांव के 19 वर्षीय अक्षत कुमार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में ऑल इंडिया 12,833वीं रैंक हासिल की है। ओबीसी वर्ग में उन्हें 5,888वीं रैंक मिली है, जबकि उनका कुल पर्सेंटाइल 99.3486 रहा। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बक्सर जिले में खुशी का माहौल है।




अक्षत की सफलता की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उन्होंने किसी बड़े शहर या महंगे कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। डुमरांव में रहकर ऑनलाइन माध्यम से तैयारी करते हुए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने साबित कर दिया कि सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते, यदि लक्ष्य स्पष्ट और मेहनत ईमानदार हो।

अक्षत के पिता सुरेंद्र मेहरा मठिला के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां कुमारी अंजू गृहिणी हैं। साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले अक्षत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर दसवीं और बारहवीं तक की पढ़ाई डुमरांव के कैम्ब्रिज स्कूल से पूरी की। वे अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन को देते हैं।




अक्षत ने बताया कि डुमरांव के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. राजेश सिंह की सेवा भावना और मरीजों के प्रति उनका व्यवहार उन्हें हमेशा प्रेरित करता रहा। इसी प्रेरणा से उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना देखा और अब उनका लक्ष्य गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए कम लागत पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने वाला अस्पताल स्थापित करना है।

परिवार में अक्षत के अलावा एक भाई और एक बहन हैं। उनकी बहन बीएड की पढ़ाई कर रही हैं। बेटे की सफलता पर माता कुमारी अंजू ने खुशी जताते हुए कहा कि उसकी वर्षों की मेहनत रंग लाई है।

अक्षत की उपलब्धि उन हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी को अपनी कमजोरी मान लेते हैं। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि सफलता के लिए बड़े शहर या महंगी कोचिंग नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत सबसे अधिक मायने रखती है। डुमरांव के इस होनहार छात्र की सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu