बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब वार्ड संख्या-35 स्थित गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मृतक की पहचान भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चौसी गांव निवासी कमलेश पांडे के पुत्र ओम पांडे के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओम पांडे शुक्रवार को कॉलेज के किसी कार्य से बक्सर आए थे। बताया जा रहा है कि देर शाम वह अपने कुछ दोस्तों के साथ शिवपुरी स्थित एक युवती के घर पहुंचे। दोस्तों के अनुसार वे घर से कुछ दूरी पर रुक गए, जबकि ओम अकेले घर के अंदर गए। कुछ समय बाद उनका शव घर से कुछ दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी गौरव पांडे, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने पूछताछ के लिए गुड्डू लाल के घर से एक युवती, जिसे मृतक के साथ परिचित बताया जा रहा है, तथा एक अन्य युवती को हिरासत में लिया है। दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जा सकेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments