बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को समय रहते विफल कर दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा और 15 जिंदा कारतूस बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शिवपुरी मोहल्ला निवासी वरुण मिश्रा अपने भाइयों के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है तथा उनके पास हथियार भी मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम जब वरुण मिश्रा के घर पहुंची तो एक व्यक्ति मौके से भाग निकला, जिसकी पहचान वरुण मिश्रा के रूप में हुई। घर के अंदर शिवानंद मिश्रा उर्फ पहाड़ी मिश्रा और प्रिंस मिश्रा मौजूद मिले। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए।
पूछताछ में गिरफ्तार शिवानंद मिश्रा ने बताया कि कुछ दिन पहले बबली दूबे के साथियों के साथ हुई मारपीट में प्रिंस मिश्रा की हड्डी टूट गई थी। उसी घटना का बदला लेने के उद्देश्य से हथियार जुटाए गए थे और आपराधिक वारदात की योजना बनाई जा रही थी।
पुलिस ने हथियारों के साथ शिवानंद मिश्रा को गिरफ्तार कर टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजीव रंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गुड्डी कुमारी, डीआईयू टीम तथा टाउन थाना के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments