बक्सर । औद्योगिक थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा थाना से महज कुछ दूरी पर यूनाइटेड पेट्रोल पंप के समीप गैराज के सामने हुआ। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, युवती फोरलेन सड़क के किनारे पैदल जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवती के चेहरे पर ट्रक का पहिया चढ़ जाने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।
सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस को मृतका के पास से दो मोबाइल फोन मिले हैं, जिनके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मृतका ने लाल रंग की टॉप और नीले रंग की जींस पहन रखी थी। फिलहाल उसकी पहचान और वह कहां की रहने वाली थी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे में शामिल ट्रक की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments