Ad Code

पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्द बोलने वाले युवक की पहचान में जुटी पुलिस, बक्सर एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत


बक्सर । NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच बक्सर जिला प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी से दो दिनों तक प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। जहां दिल्ली, पटना, रोहतास, सिवान, छपरा समेत कई स्थानों पर प्रदर्शन के दौरान हिंसा, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं, वहीं बक्सर में कहीं से भी किसी प्रकार की हिंसा की सूचना नहीं मिली।




हालांकि शुक्रवार को शहर के अंबेडकर चौक पर आयोजित छात्र प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें कुछ लोगों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी किए जाने का दावा किया जा रहा है। इन वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है।

शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि दोनों दिनों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कुछ वीडियो और फुटेज सामने आए हैं, जिनकी जांच कर संबंधित लोगों की पहचान करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आड़ में कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।



एसपी ने बताया कि वायरल वीडियो, घटनास्थल के फुटेज तथा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के भड़काऊ बयान, अफवाह या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहें और शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या कानून हाथ में लेने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu