सिमरी प्रखंड की काजीपुर और पड़री पंचायत के मुखिया कार्रवाई की सूची में, 2000 से अधिक मुखिया जांच के दायरे में
बक्सर । पंचायतों में विकास योजनाओं में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में राज्य सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रभात खबर में प्रकाशित विशेष रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट, नल-गली, नल-जल समेत विभिन्न योजनाओं में गड़बड़ी के आरोप में राज्य के 2000 से अधिक मुखिया जांच के दायरे में हैं। वहीं गंभीर अनियमितताओं के आरोप में 12 मुखियाओं को पद से हटाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
इस सूची में बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड की काजीपुर पंचायत के मुखिया इम्तियाज अंसारी और पड़री पंचायत के मुखिया दीप नारायण सिंह का नाम भी शामिल है। इनके अलावा बिहार के अन्य जिलों के मुखिया भी कार्रवाई की सूची में हैं।
रिपोर्ट सामने आने के बाद जिले में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों के बीच कार्रवाई को लेकर हलचल तेज हो गयी है। बताया जा रहा है कि संबंधित मामलों में जिला प्रशासन और प्रमंडलीय स्तर पर करायी गयी जांच की रिपोर्ट के आधार पर पंचायती राज विभाग की ओर से विभागीय कार्रवाई आगे बढ़ायी जा रही है।
जांच में मानक के विपरीत घटिया सोलर लाइट लगाने, योजनाओं के प्राक्कलन और मेजरमेंट बुक समेत जरूरी अभिलेख गायब होने तथा बिना काम पूरा किये सरकारी राशि के भुगतान जैसे मामले सामने आने की बात कही गयी है। ग्रामसभा नहीं कराने और वार्ड सदस्यों को योजनाओं की जानकारी नहीं देने के आरोप भी जांच में सामने आये हैं।
पंचायती राज विभाग द्वारा संबंधित मामलों में विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गयी है। बिहार पंचायत राज अधिनियम की धारा 18(5) के तहत दोष साबित होने पर पदच्युत करने के साथ पांच वर्षों तक चुनाव लड़ने पर रोक और सरकारी राशि की वसूली की कार्रवाई भी हो सकती है। बक्सर के दोनों मामलों में जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट के आधार पर अंतिम कार्रवाई का इंतजार है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments