बक्सर । जिले के खड़हाटांड़ गांव की रहने वाली सोनाली की शादी के महज चार महीने बाद लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति कमलाकांत मिश्र समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ इंदिरा नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, सोनाली की शादी 26 फरवरी 2026 को भोजपुर जिले के पिंजरौली गांव निवासी कमलाकांत मिश्र से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास-ससुर और अन्य परिजन चारपहिया वाहन की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। विवाह में 15 लाख रुपये नकद, करीब 250 ग्राम सोना और ढाई लाख रुपये का फर्नीचर देने के बावजूद दहेज की मांग जारी रही।
मृतका के भाई अभिषेक ने बताया कि 28 जून को सोनाली लखनऊ स्थित अपने पति के पास गई थी। 4 जुलाई को पति ने फोन कर आत्महत्या की सूचना दी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि सोनाली की हत्या की गई है। उनका कहना है कि शव के गले, हाथ और पैरों पर रस्सी के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका मजबूत होती है।
इंदिरा नगर थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments