Ad Code

अनियमितताओं के आरोप में मध्य विद्यालय बड़का राजपुर के प्रधानाध्यापक निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू


बक्सर । जिले के सिमरी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बड़का राजपुर के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार को विभिन्न प्रशासनिक एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर के अनुमोदन के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा कार्यालय आदेश जारी किया गया है।




जारी आदेश के अनुसार विद्यालय के शिक्षकों द्वारा दिए गए अभ्यावेदन में प्रधानाध्यापक सुनील कुमार पर प्रतिदिन प्रभार सौंपकर विद्यालय से अनुपस्थित रहने, विद्यालय में दो अलग-अलग सूचना बही रखने एवं उनका अलग-अलग उपयोग करने, विद्यालय में अव्यवस्था फैलाने तथा पठन-पाठन में रुचि नहीं लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

इसके अलावा आरोप है कि विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक कराए बिना विभिन्न योजनाओं का संचालन एवं राशि की निकासी मनमाने ढंग से की गई। साथ ही मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में निर्धारित मीनू और मात्रा का पालन नहीं करने तथा राशि के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक शिक्षक की उपस्थिति मनमाने तरीके से दर्ज कराई गई तथा सितंबर एवं अक्टूबर 2025 की मध्याह्न भोजन योजना की राशि का अवैध निकासी की गई।




इन आरोपों के आधार पर जिला शिक्षा कार्यालय ने पत्रांक-2754, दिनांक 25 जून 2026 के माध्यम से प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन निर्धारित अवधि तक उनका जवाब प्राप्त नहीं हुआ। आदेश में कहा गया है कि स्पष्टीकरण नहीं मिलने के कारण प्रथम दृष्टया लगाए गए आरोप सत्य प्रतीत होते हैं।

इसी आधार पर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, नावानगर निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन-यापन भत्ता देय होगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरोप पत्र का गठन कर संचालन पदाधिकारी एवं उपस्थापन पदाधिकारी की नियुक्ति अलग से की जाएगी। इस संबंध में आदेश की प्रतिलिपि संबंधित प्रधानाध्यापक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सिमरी एवं नावानगर, कोषागार पदाधिकारी तथा जिला पदाधिकारी, बक्सर सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेज दी गई है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu