- भाजपा विधायक आनंद मिश्रा की कार्रवाई पर भाकपा-माले ने जताई आपत्ति, जिला सचिव नवीन कुमार बोले- जनप्रतिनिधियों को सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि सवाल उठाने वालों को डराना
बक्सर । बक्सर सदर के भाजपा विधायक आनंद मिश्रा द्वारा कई पत्रकारों और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स को 10-10 करोड़ रुपये की मानहानि का कानूनी नोटिस भेजे जाने की खबर पर राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है। भाकपा-माले ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश बताया है।
भाकपा-माले के जिला सचिव कॉमरेड नवीन कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं। पत्रकारों और सोशल मीडिया के माध्यम से जनसमस्याओं को उठाने वाले लोगों की आलोचना सुनना तथा तथ्यों के आधार पर जवाब देना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। लेकिन सवाल पूछने वालों और आलोचनात्मक आवाज उठाने वालों को करोड़ों रुपये की मानहानि का नोटिस भेजना उन्हें डराने और उनकी आवाज दबाने का प्रयास प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है और प्रेस की स्वतंत्रता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है। पत्रकारों का दायित्व सत्ता और जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछना, जनसमस्याओं को सामने लाना तथा जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराना है। किसी खबर या टिप्पणी से असहमति होने पर उसका जवाब तथ्यों और लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाना चाहिए।
नवीन कुमार ने कहा कि बक्सर की जनता ने विधायक को क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए चुना है, न कि सवाल उठाने वालों को कानूनी नोटिस भेजकर उलझाने के लिए। जनता बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, किसानों और मजदूरों के सवालों पर विधायक की पहल जानना चाहती है।
भाकपा-माले ने विधायक से पत्रकारों और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के प्रति ऐसी दबावपूर्ण कार्रवाई से बचने तथा लोकतांत्रिक आलोचना का सम्मान करने की मांग की है।
पार्टी ने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं है। सत्ता और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना जनता का अधिकार है और इस अधिकार की रक्षा हर हाल में होनी चाहिए।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

























0 Comments