Ad Code

बक्सर में जमीन विवाद में मारपीट और फायरिंग का आरोप, पुलिसकर्मी भाई पर दबंगई का आरोप; भतीजे की पिटाई मामले में प्राथमिकी, एक गिरफ्तार


इटाढ़ी के नाथपुर गांव का मामला, पीड़ित परिवार ने मांगी सुरक्षा; थानाध्यक्ष बोलीं- जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी

बक्सर । इटाढ़ी थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अब मारपीट, फायरिंग और धमकी के आरोपों तक पहुंच गया है। मामले में शशिकांत सिंह और रविकांत सिंह ने अपने भाई विश्राम सिंह पर जमीन पर जबरन कब्जा करने, रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाने तथा पुलिस विभाग में कार्यरत होने का भय दिखाकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों पर दूसरे पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है।



पीड़ितों के अनुसार, विवाद उनके दादा स्वर्गीय केशव प्रसाद सिंह की संपत्ति के बंटवारे से जुड़ा है। उनका दावा है कि इस मामले में व्यवहार न्यायालय, बक्सर में मुकदमा चला था और छह भाई-बहनों के बीच बराबर हिस्सा निर्धारित किया गया था। पीड़ित पक्ष का कहना है कि संबंधित जमीन का बख्शीशनामा होने और दाखिल-खारिज के बाद वे नियमित रूप से राजस्व रसीद भी कटाते रहे हैं। इसके बावजूद जमीन पर कब्जे और रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

मारपीट और फायरिंग का आरोप

शशिकांत सिंह एवं रविकांत सिंह के मुताबिक, 3 अक्टूबर को जियूतिया पर्व के दौरान विवाद में मारपीट हुई और फायरिंग भी की गई। घटना के बाद 112 की टीम और इटाढ़ी थाना पुलिस को सूचना दी गई। दोनों पक्षों के लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की बात कही गई है।



भतीजे और मां के साथ मारपीट का आरोप

पीड़ित पक्ष ने रविवार को उनके भतीजे रितेश कुमार के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। रितेश गांव में छोटी दुकान चलाते हैं। परिवार का दावा है कि इस घटना में रितेश को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी मां राजमुनि देवी का सिर भी फट गया। इसके बाद थाने में आवेदन दिया गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस विभाग में कार्यरत होने के कारण दूसरे पक्ष द्वारा मामलों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

एक आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

इटाढ़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि रविवार को रितेश कुमार की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में मुख्य आरोपी उमेश सिंह को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों के विरुद्ध जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, शशिकांत सिंह और रविकांत सिंह ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। जमीन के स्वामित्व और दोनों पक्षों के आरोपों की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu