बक्सर । औद्योगिक थाना क्षेत्र में सोमवार की रात हथियार के बल पर CSP संचालक से लूट की वारदात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम और औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
घटना रात करीब 9 बजे हरिकिशुनपुर गांव जाने वाली सड़क पर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, औद्योगिक थाना क्षेत्र के NH-922 स्थित चुरामनपुर पुरानी चट्टी में यूनियन बैंक का CSP संचालित करने वाले स्थानीय निवासी रघुवीर खरवार दुकान बंद कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। अपराधियों ने पहले हरिकिशुनपुर गांव जाने का रास्ता पूछा और इसी दौरान हथियार सटाकर उनकी पीठ पर लटका बैग छीन लिया। इसके बाद दोनों बदमाश धमकी देते हुए बाइक से फरार हो गए।
पीड़ित के भाई विजय खरवार के अनुसार, बैग में करीब 40 हजार रुपये नकद, फिंगरप्रिंट सेंसर मशीन, दुकान की चाबी, पहचान पत्र समेत कई जरूरी दस्तावेज रखे थे।
औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन करने का प्रयास किया जा रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments