बक्सर । गया में यौन शोषण, धोखाधड़ी, जबरन वसूली और ब्लैकमेलिंग समेत गंभीर आरोपों का सामना कर रहे बक्सर के शिक्षक प्रकाश पाठक उर्फ ‘मिस्टर राइट’ को शुक्रवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया। गयाजी जिले से पहुंची पुलिस टीम ने बक्सर नगर थाना पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपित शिक्षक को अपने साथ गयाजी ले गई।
नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गयाजी जिले की पुलिस टीम बक्सर आई थी। नगर थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी शिक्षक को विधिवत गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। वहीं, स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी विद्यालय पहुंचे और वहां से शिक्षक को हिरासत में ले लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
गिरफ्तार शिक्षक प्रकाश पाठक आचार्य नरेंद्र देव मध्य विद्यालय में पदस्थापित बताए जाते हैं। उनके खिलाफ गया कोतवाली थाने में एक महिला शिक्षिका के परिवाद पर प्राथमिकी दर्ज है। मामले में कृष्णा कुमार प्रजापति और गंगाराम मदन प्रसाद समेत तीन लोगों को आरोपित किया गया है।
विधायक बनवाने का झांसा देकर संपर्क करने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, गया की महिला शिक्षिका का आरोप है कि प्रकाश पाठक ने शिक्षकों की विभागीय समस्याओं से जुड़े व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से उनसे संपर्क किया था। अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए उन्हें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधायक बनवाने का भरोसा दिया गया। आरोप है कि फरवरी 2024 में शिक्षकों की बैठक के बहाने उन्हें वाराणसी बुलाया गया, जहां संगठन के नाम पर 1.50 लाख रुपये की मांग की गई।
महिला शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि वाराणसी के एक होटल में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद उनके साथ जबरन यौन शोषण किया गया। साथ ही अश्लील वीडियो बनाकर उसे प्रसारित करने और जान से मारने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी के मुताबिक, बदनामी के डर से पीड़िता ने अलग-अलग समय पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से रुपये दिए।
शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी उठे थे सवाल
मामला सामने आने के बाद बक्सर शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठे थे। आरोप था कि गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद शिक्षक विद्यालय में नियमित रूप से ड्यूटी कर रहे थे और उनकी हाजिरी भी बन रही थी। पीड़िता ने 22 अक्टूबर 2024 को गया के वरीय पुलिस अधीक्षक को भी लिखित आवेदन दिया था। मामले में जून में प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी।
फिलहाल गयाजी पुलिस की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब पुलिस की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments