बक्सर । सदर प्रखंड क्षेत्र के कृतपुरा स्थित ईश्वर ज्योति प्लस-2 उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय सह मध्य विद्यालय में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता और सरकारी राशि के दुरुपयोग के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। भाजपा नेता सोनू राय की शिकायत पर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश राम को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। वहीं, जांच की आंच अब विद्यालय प्रबंधन तक पहुंच गई है।
दरअसल, भाजपा नेता सोनू राय ने विगत दिनों विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण को लिखित शिकायत देकर सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग और विभिन्न अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की थी। शिकायत पर जांच में देरी होने के बाद मामला शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी तक पहुंचा। इसके बाद शिक्षा मंत्री ने जिले के वरीय अधिकारियों को मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने का निर्देश दिया था।
बीते 4 अक्टूबर को रामलीला मंचन का उद्घाटन करने बक्सर पहुंचे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मीडिया से बातचीत में भी कृतपुरा विद्यालय में कथित भ्रष्टाचार के मामले की जांच और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की बात कही थी। इसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गई।
विकास निधि की राशि में गड़बड़ी का आरोप :
भाजपा नेता सोनू राय ने आरोप लगाया है कि विद्यालय की विकास निधि से संबंधित राशि का बिना काम कराए ही कथित तौर पर उपयोग कर लिया गया। उन्होंने अपनी शिकायत में कागजों पर सरकारी राशि की निकासी और विद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं समेत कई बिंदुओं को उठाया है। सोनू राय का कहना है कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रयासरत है और शिक्षा मंत्री स्वयं बिहार में बदलाव लाने की दिशा में काम कर रहे हैं। ऐसे में विद्यालयों में भ्रष्टाचार और सरकारी राशि के दुरुपयोग के आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
अधूरे दस्तावेज देने पर बढ़ी जांच की गंभीरता :
मामले की जांच कर रहे सदर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश राम ने बताया कि वह स्वयं विद्यालय पहुंचकर शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की जांच कर चुके हैं। प्रधानाध्यापक से कई बिंदुओं पर जवाब मांगा गया है और संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 12 अक्टूबर तक की समय-सीमा निर्धारित की गई थी, लेकिन प्रधानाध्यापक की ओर से अब तक सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। जो दस्तावेज दिए गए हैं, वे भी अधूरे हैं।
बीईओ के अनुसार, जांच के प्रथम दृष्टया कुछ आरोपों में सत्यता के संकेत मिले हैं। हालांकि, अभी जांच पूरी नहीं हुई है और अंतिम रिपोर्ट तैयार नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को सौंपी जाएगी। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संभावना रहेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments