Ad Code

बक्सर में रिश्तों का कत्ल: बड़े भाई ने छोटे भाई को मारी गोली, मौके पर मौत; हत्या के बाद फरार



- मणियां गांव में सुबह नौ बजे हुई वारदात, घटनास्थल के पास फूस की पलानी से देसी कट्टा और खोखा बरामद, आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस

बक्सर । जिस भाई के साथ बचपन बीता और जिस रिश्ते से जीवनभर साथ निभाने की उम्मीद थी, उसी भाई पर छोटे भाई की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। सोनवर्षा थाना क्षेत्र के मणियां गांव में मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसके बड़े भाई चंदन कुमार पर है।


मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह दोनों सहोदर भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोप है कि बड़े भाई चंदन कुमार ने छोटे भाई अमित कुमार पर गोली चला दी। गोली लगने से अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, दोनों भाइयों के बीच विवाद की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।


वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित चंदन कुमार मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सोनवर्षा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार घटनास्थल के समीप स्थित एक फूस की पलानी से देसी कट्टा और खोखा भी बरामद किया गया है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि दोनों सहोदर भाइयों के बीच हुए विवाद में एक भाई की गोली लगने से मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद मणियां गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। मामूली विवाद में भाई द्वारा भाई की हत्या किए जाने की घटना से ग्रामीण स्तब्ध हैं।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu