Ad Code

ब्रह्मपुर-रघुनाथपुर के रिहायशी क्षेत्रों से ओवरलोड बालू लदे वाहनों के परिचालन पर रोक की मांग, डीएम को सौंपा आवेदन


बक्सर । सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश कुमार ओझा ने ब्रह्मपुर एवं रघुनाथपुर के रिहायशी क्षेत्रों से प्रतिदिन गुजरने वाले ओवरलोड बालू लदे ट्रक, डंपर एवं हाईवा के परिचालन पर तत्काल रोक लगाने तथा उनके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने की मांग को लेकर जिला पदाधिकारी, बक्सर एवं मुख्यमंत्री सचिवालय के सहयोग पोर्टल पर विस्तृत आवेदन सौंपा है।

आवेदन में कहा गया है कि प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में भारी एवं ओवरलोड वाहनों के आवागमन से क्षेत्र की सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। जगह-जगह बने गड्ढों और बढ़ते यातायात दबाव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी क्षेत्रों से भारी वाहनों का लगातार परिचालन आम नागरिकों की सुरक्षा, जीवन और संपत्ति के लिए गंभीर खतरा बन गया है।

शिकायत के अनुसार, इस मार्ग पर प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों की ट्रेनें छूट जाती हैं। वहीं अस्पताल जा रही एंबुलेंस भी लंबे समय तक जाम में फंसी रहती हैं, जिससे गंभीर मरीजों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। शाम के समय बाजारों में लगने वाले जाम से स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है, जबकि रघुनाथपुर से बगेन तक दर्जनों गांवों के लोगों का दैनिक आवागमन भी बाधित हो रहा है।

आवेदन में रघुनाथपुर-बगेन मार्ग स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप बनी पुलिया की जर्जर स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई है। शिकायत के अनुसार पुलिया से लोहे की सरिया बाहर दिखाई दे रही है, जो उसकी संरचनात्मक कमजोरी का संकेत है। यदि समय रहते तकनीकी जांच कर आवश्यक मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना और जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।



शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि भारी वाहनों के लगातार कंपन से आसपास के मकानों में दरारें आने का खतरा बढ़ गया है। पूरी रात ट्रकों के शोर और कंपन से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों एवं बीमार लोगों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। धूल और ध्वनि प्रदूषण से जनस्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। इसके अलावा सड़क किनारे लगे विद्युत पोल एवं तारों को भी नुकसान पहुंच रहा है, जिससे बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि अनुमंडलाधिकारी, डुमरांव द्वारा पत्रांक-23, दिनांक 10 जनवरी 2026 के माध्यम से इस मार्ग पर ट्रकों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्देश जारी किया गया था, लेकिन आज तक उसका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित नहीं हो सका है और ओवरलोड वाहनों का परिचालन पूर्ववत जारी है।

सामाजिक कार्यकर्ता ने सुझाव दिया कि यदि किसी अपरिहार्य कारणवश इन वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद करना संभव नहीं हो, तो कम-से-कम इनके परिचालन का समय रात्रि 10 बजे के बाद निर्धारित किया जाए, ताकि दिन के समय आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों और व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को कम किया जा सके।





उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि ब्रह्मपुर एवं रघुनाथपुर के रिहायशी क्षेत्रों से ओवरलोड बालू लदे ट्रक, डंपर एवं हाईवा के परिचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने अथवा उनके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने के साथ-साथ रघुनाथपुर-बगेन मार्ग स्थित जर्जर पुलिया की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाए।

शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि यह केवल यातायात व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि लाखों नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा गंभीर जनहित का मामला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करेगा, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu