बक्सर । बिहार पुलिस में पदस्थापित एएसआई मुन्ना कुमार गोंड का बीमारी के कारण निधन हो गया। मृतक नया भोजपुर थानाक्षेत्र के पुराना भोजपुर गांव के निवासी थे और लंबे समय से किडनी की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। पिछले कुछ महीनों से लगातार इलाजरत थे। उनके असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, मुन्ना कुमार गोंड की तबीयत सोमवार को अचानक ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। वे डायलिसिस सेवा पर थे और पटना पीएमसीएच समेत कई निजी अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा था। करीब दो माह पहले ही उन्होंने बीमारी के चलते अवकाश लिया था।
मृतक वर्ष 2006 में बिहार पुलिस में सिपाही के रूप में भर्ती हुए थे। अपनी कर्तव्यनिष्ठा और व्यवहार कुशलता के कारण वे विभाग में एक अलग पहचान रखते थे। उन्होंने आरा ट्रैफिक समेत कई थानों में अपनी सेवा दी थी। प्रमोशन के बाद वर्तमान में वे पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मरांची थाना में बतौर एएसआई कार्यरत थे। मृतक एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से आते थे और परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी सीता देवी और पांच बच्चे हैं। सबसे बड़े पुत्र भूपेंद्र कुमार (14 वर्ष) के बाद गणेश कुमार, लक्ष्मी कुमारी, दुर्गा और सरस्वती हैं। उनके छोटे भाई शंकर गोंड राजमिस्त्री का कार्य करते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया शुरू की गई। पोस्टमार्टम को लेकर खबर लिखे जाने तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि परिजनों की इच्छा के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि मुन्ना कुमार गोंड बेहद मिलनसार और मददगार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन से गांव ने एक नेकदिल इंसान को खो दिया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments