Ad Code

कुकर्म कांड में एसपी की बड़ी कार्रवाई, फरार होने से पहले मुख्य आरोपी शिक्षक बीरेंद्र प्रसाद गिरफ्तार



बक्सर रेलवे स्टेशन से दबोचा गया आरोपी, एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई; गांव में भी आरोपी के आचरण की हुई निंदा

बक्सर । जिले के डुमरांव प्रखंड के नथुनी अहीर के डेरा स्थित मध्य विद्यालय में छात्राओं से कुकर्म के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर पुलिस ने मामले के तीसरे और मुख्य आरोपी शिक्षक बीरेंद्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को भागने की कोशिश के दौरान बक्सर रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।




बताया जा रहा है कि मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी थी और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान उसके बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचने की सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों प्रधानाचार्य मो. इमाम अली और शिक्षक अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब मुख्य आरोपी बीरेंद्र प्रसाद की गिरफ्तारी के बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई और आगे बढ़ गई है।

शिक्षक की करतूत से गांव में भी आक्रोश

पुलिस के अनुसार आरोपी शिक्षक बीरेंद्र प्रसाद का आचरण मामले को लेकर बेहद गंभीर सवालों के घेरे में है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद उसके गांव के लोगों में भी नाराजगी है। ग्रामीणों ने आरोपी के कृत्य की निंदा करते हुए उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




कुकर्म कांड के बाद शिक्षा विभाग भी एक्शन में

मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने भी जिले के स्कूलों में सख्ती तेज कर दी है। डुमरांव के नथुनी अहीर के डेरा स्थित विद्यालय की घटना के बाद ब्रह्मपुर के गरहथा कला मध्य विद्यालय में छात्रा से कंधे की मालिश कराने के आरोप समेत कई अनियमितताओं पर प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित चार शिक्षकों को निलंबित किया गया। वहीं, बक्सर के आचार्य नरेंद्र देव मध्य विद्यालय की छात्राओं की शिकायत पर प्रधानाध्यापिका को निलंबित किया गया।

इसके बाद चौसा के बालिका मध्य विद्यालय रामपुर में बच्चों के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक विपिन कुमार पर भी निलंबन की कार्रवाई हुई। लगातार सामने आ रहे मामलों और शिक्षा विभाग की त्वरित कार्रवाई के बीच अब कुकर्म कांड के मुख्य आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी ने मामले में पुलिस कार्रवाई को और तेज कर दिया है।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और घटनाक्रम की कड़ियां सामने आने की उम्मीद है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu