Ad Code

नाबालिग छात्राओं से कुकर्म मामले में बड़ा एक्शन: प्रधानाध्यापक गिरफ्तार, दो आरोपी शिक्षकों की तलाश में छापेमारी


पीड़िता की मां के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज, दो शिक्षकों को पहले ही किया जा चुका है निलंबित

बक्सर । डुमरांव प्रखंड के मध्य विद्यालय में नाबालिग छात्राओं के साथ कथित कुकर्म और अन्य गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर पीड़िता की मां के बयान के आधार पर स्थानीय थाना में तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में पुलिस ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. इमाम अली अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।




कृष्णाब्रह्म थाना प्रभारी चंदन कुमार ने प्रधानाध्यापक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही पूरे मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि इसी विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. इमाम अली अंसारी का नाम 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर राजकीय पुरस्कार से सम्मानित किए जाने के लिए प्रस्तावित था। विद्यालय में छात्राओं के साथ हुई कथित घटना सामने आने के बाद इस पर सवाल खड़े हुए और मामला शिक्षा विभाग से लेकर प्रशासनिक स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद शिक्षक दिवस पर प्रस्तावित सम्मान को लेकर भी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी साहिला के पत्र पर शिक्षा विभाग ने राजकीय पुरस्कार से आरोपी प्रधानाचार्य के नाम को रद्द कर दिया।




मामले को लेकर आरोप है कि विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित रूप से हो रही घटनाओं की जानकारी लंबे समय से होने के बावजूद उसे गंभीरता से नहीं लिया गया और मामले को दबाने का प्रयास किया गया। हालांकि, इन आरोपों की जांच पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है। अब प्राथमिकी दर्ज होने और प्रधानाध्यापक की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

इधर, जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण ने बताया कि मामले के प्रकाश में आते ही विद्यालय के सहायक शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद और अध्यापक अरविंद कुमार को निलंबित कर दिया गया है। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। जांच के बाद साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu