- अरविंद और बीरेंद्र अब भी फरार, पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका की कर रही जांच
बक्सर । नाबालिग छात्राओं के साथ कथित कुकर्म मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इस वक्त की बड़ी खबर यह है कि मामले के फरार आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार को पकड़ने के लिए कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने रातभर विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने ब्रह्मपुर नगर पंचायत क्षेत्र के एक मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरनाथ प्रसाद और एक ग्रामीण धर्मेंद्र कुमार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस दोनों से फरार आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले के दोनों आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार और बीरेंद्र प्रसाद फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
आरोपी के भाई से संपर्क की सूचना के बाद हुई कार्रवाई :
सूत्रों के अनुसार, ब्रह्मपुर नगर पंचायत निवासी आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार के बड़े भाई अनिल कुमार विद्यालय सहायक के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि हिरासत में लिए गए कुछ लोग अनिल कुमार के लगातार संपर्क में थे। इसके बाद पुलिस ने फरार अरविंद कुमार तक पहुंचने और उसके संभावित ठिकाने की जानकारी हासिल करने के उद्देश्य से अहले सुबह अमरनाथ प्रसाद और धर्मेंद्र कुमार सिंह को हिरासत में लिया।
हालांकि, पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का मुख्य फोकस फरार दोनों आरोपी शिक्षकों की जल्द गिरफ्तारी पर है।
कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस की लगातार छापेमारी के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि फरार आरोपी अरविंद कुमार और बीरेंद्र प्रसाद कब तक कानून की गिरफ्त में आते हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments