Ad Code

मोबाइल दुकान में शराब पार्टी कर रहे तीन युवक गिरफ्तार, अवैध कट्टा व कारतूस बरामद



बक्सर । डुमरांव थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और शराब के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बीच बाजार स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में छापेमारी कर तीनों को शराब पीते हुए रंगेहाथ पकड़ा। मौके से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, शराब की एक बोतल तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूरे मामले की जानकारी मंगलवार को डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई डुमरांव थानाध्यक्ष संजय सिन्हा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।



एसडीपीओ ने बताया कि सोमवार को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमरांव स्थित राहुल मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर में कुछ लोग अवैध हथियार के साथ जुटे हैं और शराब का सेवन कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान पर विधिवत छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर तीन युवक शराब पीते मिले। पुलिस को देखते ही एक युवक हथियार छिपाकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसकी कोशिश नाकाम हो गई और तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान दुकान से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, शराब की एक बोतल तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए। मेडिकल जांच में तीनों के शराब पीने की पुष्टि भी हुई है।





गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डुमरांव के तिवारी टोला निवासी बैकुंठ नाथ मिश्रा के पुत्र प्रकाश कुमार मिश्रा उर्फ भीम, राजगढ़ चौक निवासी विजय प्रसाद के पुत्र राहुल कुमार उर्फ दशरथ कुमार तथा औद्योगिक थाना क्षेत्र के उपाध्यापुर निवासी कमलेश तिवारी के पुत्र वशिष्ट जी तिवारी के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान वशिष्ट तिवारी ने स्वीकार किया कि वह स्वयं हथियार और कारतूस लेकर दुकान पर आया था। पुलिस ने इस मामले में डुमरांव थाना कांड संख्या-181/26 दर्ज कर लिया है और अवैध हथियार के स्रोत सहित अन्य बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu