बक्सर । सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कार्यालय में श्री रामेश्वर नाथ मंदिर सेवाश्रम न्यास समिति, रामरेखा घाट, बक्सर के रिक्त पदों पर पदाधिकारियों एवं सदस्यों के चयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पदों के लिए आवेदन करने वाले सभी आवेदकों को आमंत्रित किया गया था।
बैठक में समिति के उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष तथा सदस्य पदों के लिए चयन प्रक्रिया लॉटरी के माध्यम से संपन्न कराई गई। यह प्रक्रिया पटना उच्च न्यायालय द्वारा वाद संख्या 17322/2022 में 23 जुलाई 2024 को पारित आदेश तथा बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के निर्देशों के आलोक में पूरी की गई।
जानकारी के अनुसार, बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद, पटना ने अपने पत्रांक-207 दिनांक 20 मई 2026 के माध्यम से जिला पदाधिकारी बक्सर को अवगत कराया था कि नई न्यास समिति के गठन की नियमावली विचाराधीन है। तब तक अंतरिम व्यवस्था के तहत समिति के गठन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में अपर समाहर्ता, बक्सर के पत्रांक 03-1547/रा0 दिनांक 3 जून 2025 के आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी को स्थायी समिति के गठन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था।
लॉटरी के माध्यम से चयनित पदाधिकारियों में शिवजी चौरसिया को उपाध्यक्ष, पवन कुमार को सचिव तथा भैरवनाथ वर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया।
वहीं समिति के सदस्य के रूप में आराधना कुमारी, अभिषेक कुमार, अरविंद कुमार चौबे, नंदलाल जायसवाल, शशिकला चौबे, रेणु कुमारी एवं रुपेश कुमार चौरसिया का चयन किया गया।
अनुमंडल प्रशासन ने बताया कि चयनित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सूची अनुशंसा के साथ जिला पदाधिकारी, बक्सर के माध्यम से बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद, पटना को अंतिम अनुमोदन के लिए भेजी जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments