Ad Code

सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम में लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक



बक्सर । सावन 2026 की पहली सोमवारी पर बक्सर जिले के शिवालयों में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष के बीच हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में उमड़ पड़े। जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।





बक्सर के ऐतिहासिक रामरेखा घाट से गंगाजल लेकर हजारों कांवड़िए ब्रह्मपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सावन के पावन महीने में इस मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण दूर-दराज के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर में ड्रॉप गेट लगाए गए, मजिस्ट्रेट और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। वहीं मंदिर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ को सुचारु रूप से नियंत्रित किया जा सके।





बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक मान्यता भी श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रही। मान्यता है कि मुगल काल में इस मंदिर का मुख्य द्वार एक रात में पूर्व दिशा से पश्चिम दिशा की ओर हो गया था। इस चमत्कार से प्रभावित होकर तत्कालीन शासकों ने मंदिर को नुकसान पहुँचाने वाले निर्णय भी बदल दिया था। इसी कारण यह मंदिर श्रद्धालुओं के बीच चमत्कारी शिवधाम के रूप में विख्यात है।

पहली सोमवारी पर केवल ब्रह्मपुर का बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर ही नहीं, बल्कि बक्सर शहर के रामेश्वरनाथ मंदिर, नाथ बाबा मंदिर, सिद्धेश्वरनाथ मंदिर, सोमेश्वरनाथ मंदिर, वामनेश्वरनाथ मंदिर, संगमेश्वरनाथ मंदिर, गौरीशंकर मंदिर तथा रामोबारिया स्थित नागेश्वरनाथ मंदिर सहित जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरे दिन हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजते रहे तथा भक्तों ने भगवान शिव से सुख, समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu