बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के सिंडिकेट इलाके में बुधवार की अहले सुबह बिजली के गिरे तार की चपेट में आने से 60 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बुधनपुरवा मोहल्ला, वार्ड संख्या 34 निवासी फुलेश्वर यादव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि फुलेश्वर यादव रोज की तरह बुधवार की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान सिंडिकेट स्थित मुख्य सड़क पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने के साथ जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही और जर्जर तारों की स्थिति के कारण आए दिन लोगों की जान जोखिम में पड़ती है। लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में जर्जर और खुले बिजली तारों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments