Ad Code

खिलाड़ियों के लिए सांसद सुधाकर सिंह की पहल, जूडो संघ को मिले 100 मैट; खेल प्रेमियों ने जताया आभार


बक्सर । जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सांसद सुधाकर सिंह की पहल से बक्सर जिला जूडो संघ को बड़ी सौगात मिली है। सांसद निधि से जूडो अभ्यास के लिए 100 पीस मैट उपलब्ध कराए गए हैं। लंबे समय से मैट की कमी के कारण जूडो खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब इस समस्या का समाधान हो गया है।





जिला जूडो संघ के सचिव त्रिलोकी नाथ तिवारी और कोषाध्यक्ष आलोक कुमार के लगातार प्रयासों के बाद खिलाड़ियों के लिए मैट की व्यवस्था संभव हो सकी। बताया गया कि सांसद सुधाकर सिंह पूर्व में कला भवन पहुंचकर जूडो खिलाड़ियों और बच्चों की समस्याओं से अवगत हुए थे। इस दौरान खिलाड़ियों ने उन्हें मैट की कमी से होने वाली परेशानियों की जानकारी दी थी। सांसद ने खिलाड़ियों को जल्द जूडो मैट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, जिसे अब पूरा किया गया है।

जूडो मैट उपलब्ध होने पर जिला खेल पदाधिकारी आलोक नारायण वत्स ने सांसद सुधाकर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेल कार्यालय की ओर से भी खिलाड़ियों और जूडो संघ को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।





इस अवसर पर खेल प्रेमियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने सांसद की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे बक्सर के खेल और खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। बधाई देने वालों में मृत्युंजय राय, रंजय, मदन, मुक्ति नारायण, लव शर्मा (वुशु कोच), श्याम (वुशु कोच), बिहार राज्य जूडो संघ के सचिव राम उदय सिंह तथा पटना जूडो के मुख्य कोच विजय लाल यादव सहित अन्य लोग शामिल रहे।

खेल से जुड़े लोगों ने कहा कि जूडो मैट की उपलब्धता से अब खिलाड़ियों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण में अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे बक्सर जिले के जूडो खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा उपहार बताते हुए उम्मीद जताई कि यह पहल जिले में खेल और खिलाड़ियों के विकास को नई दिशा देगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu