Ad Code

राष्ट्रीय मंच पर चमकेगा बक्सर का नाम, तीन विभूतियों को मिलेगा प्रतिष्ठित ‘समता पुरस्कार’



- हैदराबाद के स्टैच्यू ऑफ इक्वैलिटी में 11 नवंबर को होगा सम्मान समारोह, वीरता, बलिदान और सैनिकों के लिए समर्पित सेवा को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

बक्सर । वीरता, बलिदान और राष्ट्रसेवा की गौरवशाली परंपरा को एक बार फिर राष्ट्रीय पहचान मिलने जा रही है। बक्सर जिले की तीन ऐसी शख्सियतों का चयन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ‘समता पुरस्कार’ के लिए किया गया है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में देश और समाज के प्रति समर्पण की मिसाल पेश की है। इनमें सेना मेडल से सम्मानित सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह, शहीद सुनील कुमार की पत्नी वीर नारी सरोजा देवी और बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, बक्सर के जिलाध्यक्ष सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) रामनाथ सिंह शामिल हैं।



तीनों को यह सम्मान 11 नवंबर 2026 को हैदराबाद के शमशाबाद स्थित विश्वप्रसिद्ध ‘स्टैच्यू ऑफ इक्वैलिटी’ परिसर में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। पूज्य जगद्गुरु श्री श्री त्रिदंडी चिन्ना जीयर स्वामीजी के 70वें जन्मोत्सव ‘यतींद्र सप्तति महोत्सव’ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश की प्रतिष्ठित हस्तियों की मौजूदगी रहेगी।

सम्मान के लिए चयनित तीनों नाम अपने आप में अलग-अलग प्रेरणादायक कहानियां समेटे हुए हैं। सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह ने भारतीय सेना में रहते हुए अदम्य साहस और विशिष्ट सेवा का परिचय दिया, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सेना मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं, वीर नारी सरोजा देवी के पति शहीद सुनील कुमार ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। तीसरे सम्मानित होने वाले सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह सेना में 30 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद अब पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए संगठन के माध्यम से सक्रिय हैं।



इस उपलब्धि पर रामनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि बक्सर के समस्त पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैनिक परिवारों की सामूहिक शक्ति और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संगठन के साथियों के विश्वास और सहयोग ने इस मुकाम तक पहुंचाया है। यह सम्मान वह अपने सभी पूर्व सैनिक भाइयों को समर्पित करते हैं।

बक्सर की इन तीन विभूतियों का एक ही मंच पर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इससे न केवल सैनिकों के त्याग और बलिदान को सम्मान मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा भी मिलेगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu