बक्सर । शारदीय नवरात्र के दौरान बक्सर शहर के सत्यदेवगंज स्थित एक पिज्जा आउटलेट पर नॉनवेज की बिक्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय जय मां भवानी दुर्गापूजा समिति ने नवरात्र के दौरान 10 दिनों तक मांसाहारी भोजन की बिक्री और उसके प्रचार-प्रसार पर रोक लगाने की मांग की। विरोध बढ़ने और शिकायत मिलने के बाद एसडीएम के निर्देश पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आउटलेट संचालक ने नवरात्र के शेष दिनों में नॉनवेज नहीं बेचने और उसका प्रचार-प्रसार नहीं करने का आश्वासन दिया।
पहले दी गई थी सूचना, फिर भी जारी रही बिक्री :
जय मां भवानी दुर्गापूजा समिति के सचिव सागर कुमार ने बताया कि वर्ष 1999 से यहां पंडाल बनाकर शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है। करीब 27 वर्षों से श्रद्धालु हर्षोल्लास के साथ पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूजा पंडाल के परिसर में मांसाहारी भोजन की बिक्री से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
समिति के उपाध्यक्ष प्रिंस जायसवाल ने बताया कि आउटलेट संचालक को पहले ही नवरात्र के दौरान 10 दिनों तक नॉनवेज की बिक्री और उसके प्रचार-प्रसार को बंद रखने के लिए कहा गया था। इस पर संचालक ने कंपनी के अधिकारियों से अनुमति लेने की बात कही थी। समिति का आरोप है कि दो-तीन दिन बीत जाने के बावजूद बिक्री जारी रही, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इस मामले की लिखित शिकायतपूजा समिति की ओर से नगर थाना में देते हुए कार्यवाई की मांग की गई है।
स्थानीय युवा शुभम कुमार ने कहा कि किसी को भी लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने नवरात्र के दौरान नॉनवेज की बिक्री बंद रखने की मांग की।
पंडाल निर्माण के दौरान अभद्रता का भी आरोप :
स्थानीय निवासी प्रियेश कुमार ने बताया कि संबंधित स्थान पर 27 वर्षों से अधिक समय से दुर्गापूजा का आयोजन होता आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूजा पंडाल के निर्माण के लिए सामग्री लाने के दौरान आउटलेट प्रबंधन की ओर से अभद्र व्यवहार किया गया। इसके बाद मामले की जानकारी एसडीएम को दी गई।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत :
एसडीएम के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि आउटलेट संचालक से बात की गई है। संचालक ने नवरात्र के दौरान नॉनवेज की बिक्री नहीं करने और उसका प्रचार-प्रसार बंद रखने का आश्वासन दिया है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद विवाद को शांत कराया गया। अब नवरात्र के शेष दिनों में संचालक के आश्वासन के पालन पर नजर रहेगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments