Ad Code

नकली सरसों तेल की सूचना पर डुमराँव एसडीएम की छापेमारी, आधा दर्जन से अधिक दुकानों से लिए सैंपल


बक्सर । अनुमंडल अस्पताल में फूड पॉइजनिंग की घटना में नौ लोगों के बीमार पड़ने के बाद प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में नकली सरसों तेल बनाए जाने की सूचना पर एसडीएम राजीव कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने राजगोला क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन से अधिक किराना दुकानों की जांच की गई।





टीम ने विभिन्न दुकानों से सरसों तेल, मसाले समेत अन्य खाद्य सामग्रियों के सैंपल संग्रहित किए। अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अचानक हुई प्रशासनिक कार्रवाई से राजगोला बाजार में हड़कंप मचा रहा। छापेमारी की सूचना मिलते ही दुकानदारों के बीच अफरातफरी की स्थिति देखी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




एसडीएम राजीव कुमार ने चीनी कारोबारियों को भी निर्धारित सीमा के अनुरूप स्टॉक रखने तथा स्टॉक रजिस्टर को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इधर, फूड पॉइजनिंग से प्रभावित मरीजों का इलाज अनुमंडल अस्पताल में जारी है। प्रशासन के अनुसार मरीजों की स्थिति में सुधार है। अधिकारियों ने आम लोगों से संदिग्ध खाद्य सामग्री खरीदने से बचने तथा मिलावट की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu