Ad Code

बक्सर नगर परिषद के वार्ड परिसीमन में पारदर्शिता की मांग, पूर्व वार्ड पार्षद ने प्रधान सचिव को भेजा आवेदन



बक्सर । बक्सर नगर परिषद में चल रहे वार्ड परिसीमन को लेकर निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित कराने की मांग उठी है। नगर परिषद के पूर्व वार्ड पार्षद राकेश कुमार सिंह ने बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को आवेदन भेजकर परिसीमन प्रक्रिया की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।




आवेदन में पूर्व वार्ड पार्षद ने कहा है कि वार्ड परिसीमन का सीधा संबंध आम नागरिकों के प्रतिनिधित्व, मतदान के अधिकार और स्थानीय स्वशासन की व्यवस्था से है। ऐसे में परिसीमन जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक सुविधा, सामाजिक संतुलन और निर्धारित नियमों के आधार पर किया जाना चाहिए।

राकेश कुमार सिंह ने आवेदन में आशंका जताई है कि परिसीमन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर चल रही कथित चर्चाओं का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि नगर परिषद अध्यक्ष कमरू निशा फरीदी के प्रभाव अथवा निजी हितों के अनुरूप वार्डों की सीमाओं में बदलाव कराने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, आवेदन में लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।




उन्होंने विभाग से मांग की है कि परिसीमन कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और किसी भी जनप्रतिनिधि या प्रभावशाली व्यक्ति के अनुचित हस्तक्षेप की संभावना को समाप्त किया जाए। साथ ही सक्षम एवं निष्पक्ष प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में परिसीमन कराने तथा प्रस्तावित नक्शा, जनसंख्या विवरण और वार्ड सीमाओं से संबंधित अभिलेख सार्वजनिक करने की मांग की गई है।

पूर्व पार्षद ने यह भी कहा है कि यदि जांच में किसी पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि द्वारा नियमों के विरुद्ध हस्तक्षेप किए जाने की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने प्रधान सचिव से जनहित में तत्काल संज्ञान लेकर परिसीमन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमसम्मत तरीके से पूरा कराने की मांग की है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu