बक्सर । महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर शनिवार को जिला पदाधिकारी IAS साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संवेदनशील स्थलों की पहचान, पुलिस गश्ती, शिकायतों के त्वरित निष्पादन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला एवं बालिका सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों का क्षेत्रवार चिन्हांकन कर आवश्यक सुरक्षात्मक एवं निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। चिन्हित क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती और सतत निगरानी के साथ ‘पुलिस दीदी’ के माध्यम से जनसंपर्क एवं महिलाओं-बालिकाओं से संवाद को प्रभावी बनाया जाए।
ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत एवं ग्राम स्तर पर महिला सुरक्षा, विधिक अधिकार और उपलब्ध सहायता सेवाओं को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। स्थानीय आवश्यकता के अनुसार संवेदनशील स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित कर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति और निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को संयुक्त रूप से क्षेत्रीय निरीक्षण कर संवेदनशील स्थलों, मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था, गश्ती एवं चेक पोस्ट की जरूरत से संबंधित संयुक्त प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया गया। विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की भी नियमित समीक्षा करने को कहा गया।
एसपी शुभम आर्य ने पुलिस पदाधिकारियों को महिला एवं बालिका संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई और प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, पुलिस, समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments