Ad Code

माता सीता और दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय की तर्ज पर बक्सर में खुले श्रीराम कौशल विश्वविद्यालय : डॉ. स्नेहाशीष



बक्सर । पटना में माता सीता के नाम पर महिला विश्वविद्यालय और बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम से प्रस्तावित विश्वविद्यालय को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद बक्सर में भी नए विश्वविद्यालय की मांग उठी है। बिहार कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने राज्य सरकार से भगवान श्रीराम की दीक्षास्थली के रूप में प्रसिद्ध बक्सर में ‘श्रीराम कौशल विश्वविद्यालय’ स्थापित करने की मांग की है।


डॉ. वर्धन ने कहा कि बक्सर का पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व अत्यंत विशिष्ट है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम ने विश्वामित्र आश्रम में शिक्षा एवं दीक्षा प्राप्त की थी। ऐसे में बक्सर में श्रीराम के नाम पर कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को आधुनिक शिक्षा और रोजगारपरक कौशल विकास से जोड़ सकती है।

उन्होंने कहा कि बिहार विशिष्ट विवि अधिनियम 2026 के तहत नए विश्वविद्यालयों की स्थापना की पहल हो रही है, ऐसे में बक्सर को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए। प्रस्तावित विश्वविद्यालय में आधुनिक तकनीक, कौशल विकास और रोजगारपरक विषयों की पढ़ाई शुरू की जा सकती है।



कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बक्सर में वर्तमान में उच्च शिक्षा के सीमित विकल्प हैं। परास्नातक और शोध के लिए विद्यार्थियों को आरा या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। बक्सर में विश्वविद्यालय की स्थापना से विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसर मिलेंगे और वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय पर भी शैक्षणिक भार कम होगा।

उन्होंने कहा कि श्रीराम कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना से शिक्षा के साथ-साथ बक्सर के पर्यटन, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र को भी बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार से इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu