Ad Code

मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरोध में राजद का प्रदर्शन, चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका



बक्सर । बिहार प्रदेश राजद के आह्वान पर शुक्रवार को ब्रह्मपुर चौरस्ता पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में राजद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राजद नेता संतोष यादव उर्फ संतोष मुखिया के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया।



इस दौरान राजद नेताओं ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

राजद नेता संतोष मुखिया ने कहा कि बिहार में 65 लाख और पश्चिम बंगाल में 60 लाख मतदाताओं के नाम विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर हटाए जाने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि यदि चुनाव प्रक्रिया में अनियमितता हुई है तो चुनावों की समीक्षा कर निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराया जाए तथा संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो।





उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी योग्य नागरिक का नाम नहीं कटना चाहिए और किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम नहीं रहना चाहिए। नाम जोड़ने और हटाने की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, क्योंकि लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि है।

प्रदर्शन में राजद नेता मैनेजर यादव, अश्वनी मुखिया, करीमन यादव, लोरिक यादव, गणेश यादव, वीरेंद्र मुखिया, सुनील यादव, राजेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, रविंद्र, कृष्ण सिंह, इस्लाम अंसारी, अजय सिंह, सुभाष और साजुरूदीन समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu