Ad Code

हड़ताल अवधि के भुगतान में कटौती से भड़के डुमरांव नगर परिषद के सफाईकर्मी, दिया धरना


बक्सर । नगर परिषद डुमरांव के सफाईकर्मियों ने गुरुवार की सुबह नगरपालिका बाजार परिसर में धरना देकर भुगतान में कटौती का विरोध किया। सफाईकर्मियों का आरोप था कि जुलाई और अगस्त माह के भुगतान के दौरान हड़ताल अवधि की राशि को काटकर खाते में भुगतान किया गया, जबकि वार्ता के दौरान हड़ताल अवधि का भुगतान करने पर सहमति बनी थी।


बताया गया कि बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के नेतृत्व में संयुक्त संघर्ष मोर्चा की राज्यव्यापी हड़ताल के दौरान नगर परिषद के साथ हुई वार्ता में हड़ताल अवधि की राशि का भुगतान करने पर सहमति बनी थी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को सफाईकर्मियों के खातों में जुलाई और अगस्त का भुगतान किया जाना था। हालांकि, भुगतान में हड़ताल अवधि की राशि काटे जाने से सफाईकर्मियों में नाराजगी बढ़ गई।

गुरुवार सुबह बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ की डुमरांव शाखा के सचिव शिव शंकर तिवारी और युवा माले नेता सर्वेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सफाईकर्मियों ने काम रोककर मामले के समाधान की मांग की। सूचना पर कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे और नगर स्वच्छता अधिकारी राजीव रंजन मौके पर पहुंचे। बातचीत के बाद एनजीओ द्वारा काटी गई राशि को वापस भुगतान करने पर सहमति बनी।




कार्यपालक पदाधिकारी ने सफाईकर्मियों को बताया कि हड़ताल अवधि के भुगतान का आदेश एनजीओ को दिया गया था। कंपनी की ओर से गलती से राशि काट ली गई है और अधिकतम शुक्रवार दोपहर तक सभी सफाईकर्मियों के खातों में कटौती की गई राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। आश्वासन के बाद सफाईकर्मियों ने काम शुरू कर दिया। इस दौरान दीपक बास्फोर, कृष्णा बास्फोर, मिथिलेश राम, धर्मेन्द्र डोम, संजीत यादव, संजय सिंह समेत बड़ी संख्या में सफाईकर्मी मौजूद रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu