बक्सर । रामरेखा घाट स्थित श्री बाबा गणिनाथ गोविंद जी प्राचीन मंदिर में शनिवार को बाबा गणिनाथ गोविंद जी का वार्षिक पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूजा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए और बाबा के दर्शन-पूजन कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
बाबा गणिनाथ गोविंद जी मद्धेशिया-कानू समाज के आराध्य एवं कुलदेवता के रूप में पूजनीय हैं। उनके आदर्शों में धर्म, मानवता, सेवा, सदाचार, सामाजिक एकता और जरूरतमंदों की सहायता का विशेष संदेश मिलता है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ नई पीढ़ी को शिक्षा एवं संस्कार से जोड़ने का संदेश दिया गया।
वार्षिक पूजा के तहत सुबह नौ बजे विधि-विधान से पूजा एवं हवन कराया गया। इसके बाद दोपहर 12 बजे भंडारा एवं प्रसाद वितरण हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
मंदिर की धार्मिक परंपरा से जुड़े स्वर्गीय काशीनाथ गुप्ता महंत जी के नाती कुमार राज गुप्ता (राजा गुप्ता) वर्तमान में मंदिर के न्यासी एवं व्यवस्थापक के रूप में आयोजन की व्यवस्था और देखरेख में सक्रिय रहे। उनके नेतृत्व में पूजा महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
आयोजन की सफलता में बाबा गणिनाथ युवा टीम के सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवाओं ने उत्साह के साथ मंदिर की व्यवस्था संभालने के साथ श्रद्धालुओं की सेवा की। कुमार राज गुप्ता ने युवा टीम के सभी सदस्यों को उनके सराहनीय सहयोग और सेवा भावना के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने श्रद्धालुओं, युवा टीम, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि बाबा गणिनाथ जी की आराधना तभी सार्थक है, जब उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, एकता, सेवा और सद्भाव को मजबूत किया जाए।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments