Ad Code

तुलसी आश्रम में हर साल हो राजकीय ‘तुलसी महोत्सव’, विधायक राहुल सिंह ने सरकार को लिखा पत्र


बक्सर । तुलसी आश्रम, रघुनाथपुर में प्रतिवर्ष राजकीय स्तर पर ‘तुलसी महोत्सव’ आयोजित कराने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस दिशा में डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने पहल करते हुए कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री, निदेशक सांस्कृतिक कार्य एवं जिलाधिकारी, बक्सर को पत्र भेजकर महोत्सव के आयोजन की मांग की है।




विधायक ने तुलसी विचार मंच, रघुनाथपुर के आवेदन का हवाला देते हुए तुलसी आश्रम के विकास और वहां राजकीय स्तर पर प्रतिवर्ष तुलसी महोत्सव आयोजित कराने का आग्रह किया है। पत्र में उन्होंने तुलसी आश्रम को गोस्वामी तुलसीदास की तपोस्थली बताते हुए इसकी धार्मिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख किया है। विधायक के अनुसार, मान्यता है कि गोस्वामी तुलसीदास ने यहां लंबे समय तक प्रवास किया था और इसी दौरान रामचरितमानस के कुछ अंशों की रचना की थी। शाहाबाद गजेटियर में भी उनके रघुनाथपुर प्रवास का उल्लेख होने की बात कही गई है।

विधायक ने कहा कि राजकीय स्तर पर महोत्सव के आयोजन से बक्सर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन, स्थानीय रोजगार और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, बक्सर द्वारा पत्रांक 255, दिनांक 15 जुलाई 2026 के माध्यम से तुलसी महोत्सव के आयोजन की अनुशंसा निदेशालय को पहले ही भेजी जा चुकी है।




पत्र में विधायक ने आश्रम, तुलसी सरोवर एवं प्राचीन मंदिर के संरक्षण-सौंदर्यीकरण के साथ सड़क, प्रकाश, पेयजल और शौचालय जैसी जनसुविधाओं के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने की भी मांग की है।

इस पहल को धरातल तक पहुंचाने में विधायक राहुल कुमार सिंह के सहायक रंजीत सिंह उर्फ फुड्डू सिंह के प्रयासों की भी सराहना की जा रही है। तुलसी आश्रम के विकास और तुलसी महोत्सव के आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार पहल और संबंधित लोगों से समन्वय बनाने में उनकी सक्रिय भूमिका बताई जा रही है। विधायक की ओर से सरकार को पत्र भेजे जाने को इसी प्रयास की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

पहल का हुआ स्वागत

विधायक की पहल का तुलसी विचार मंच ने स्वागत किया है। मंच के संयोजक शैलेश कुमार ओझा, अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, मदन चौधरी, राजू मिश्रा, संतोष शाह सहित अन्य लोगों ने विधायक के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि राजकीय तुलसी महोत्सव से स्थानीय कला, संस्कृति और साहित्य को मंच मिलने के साथ तुलसी आश्रम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu